Alwar: रूस के उफा शहर में रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हुए अलवर के 22 वर्षीय MBBS छात्र अजीत चौधरी (Ajeet Choudhary) का पार्थिव शरीर आखिरकार आज (सोमवार) सुबह भारत पहुंच गया। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अजीत का शव पहुंचते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार ने नम आंखों के साथ शव को रिसीव किया।
19 अक्टूबर से थे लापता
अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ उपखंड के कफनवाड़ा गांव के रहने वाले अजीत चौधरी (ajeet choudhary alwar) रूस के बश्किर स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी (Bashkir State Medical University) में MBBS के छात्र थे। वह 19 अक्टूबर को अपने हॉस्टल से दूध लेने के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।
काफी खोजबीन के बाद उनके कपड़े और मोबाइल फोन उफा में व्हाइट रिवर (White River) के किनारे मिले थे। इस घटना के 19 दिन बाद, 6 नवंबर को अजीत का शव नदी से जुड़े एक बांध के पास से बरामद किया गया था।
परिवार ने की दोबारा पोस्टमार्टम की मांग
अजीत के परिवार वालों ने उनकी मौत पर शुरू से ही संदेह जताया है और इसे एक सामान्य हादसा न मानकर हत्या की आशंका व्यक्त की है। परिवार वालों ने बेटे को न्याय दिलाने के लिए भारत सरकार से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर शव रिसीव करने के बाद परिजन उसे अलवर ले गए हैं। परिवार के सदस्यों ने बताया कि वे अजीत के शव का अलवर के सामान्य अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से दोबारा पोस्टमार्टम करवाएंगे, ताकि मौत के असली कारणों का पता चल सके।