जोधपुर: जिले के शेरगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात को एक निजी बस में बंदूकधारी बदमाश के घुसने से हड़कंप मच गया। आरोपी ने पहले बस के बाहर हवाई फायर कर दहशत फैलाई और फिर बंदूक लेकर यात्रियों से भरी बस में चढ़ गया। उसने चालक को धमकाते हुए पांच हजार रुपए की “बंधी” (अवैध वसूली) की मांग की।
सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार को एक आरोपी को दस्तयाब कर लिया है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
यह है पूरा मामला
शेरगढ़ थानाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी की पहचान खिरजा निवासी बुद्धसिंह सोढ़ा के रूप में हुई है। बस मालिक गणपतसिंह ने इस संबंध में शेरगढ़ थाने में एफआइआर दर्ज कराई थी। एफआइआर के अनुसार, बस जैसलमेर से दिल्ली जा रही थी। शुक्रवार रात खिरजा गांव निवासी श्रवणसिंह व बुद्धसिंह सोढ़ा ने अपने साथियों के साथ मिलकर बस को रुकवाया।
आरोप है कि पहले उन्होंने बस के बाहर हवाई फायर किया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद बुद्धसिंह सोढ़ा बंदूक लेकर बस में चढ़ गया और चालक को जान से मारने की धमकियां देते हुए पांच हजार रुपए की अवैध वसूली (बंधी) के तौर पर मांग की।
पुलिस ने आरोपी को दबोचा
घटना की सूचना मिलते ही शेरगढ़ पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। यात्रियों को शांत कराया गया। पुलिस ने बस मालिक की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शनिवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बुद्धसिंह सोढ़ा को दस्तयाब कर लिया और उसके कब्जे से बंदूक भी जब्त की है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।