करौली (राजस्थान): जिले के नादौती थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा थाना क्षेत्र के चांदन गांव के पास नादौती मार्ग पर हुआ, जहाँ दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने से तेज रफ़्तार में टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
थानाधिकारी रामनिवास गुर्जर ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मृतकों की पहचान अजय गुर्जर (22) पुत्र विक्रम, निवासी तेसगांव और अंकुश जाटव (20) पुत्र रमेश, निवासी कौड़ियां के रूप में हुई है।
एक घायल जयपुर रेफर
इस हादसे में अजय गुर्जर का चचेरा भाई कुलदीप भी गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर में उसे गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने घायल कुलदीप को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। घटना की खबर जैसे ही मृतकों के गांव पहुंची, उनके परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।