दौसा (राजस्थान): राजस्थान के दौसा जिले की एक साधारण सी बेटी ने असाधारण कमाल कर दिखाया है। जिले के पीचूपाड़ा कला गांव की मोनिका गुर्जर ने शूटिंग बॉल के मैदान पर अपनी प्रतिभा का ऐसा जलवा बिखेरा कि वह अपनी पहली ही कोशिश में राजस्थान शूटिंग बॉल संघ की जूनियर महिला टीम में न केवल सलेक्ट हुईं, बल्कि उन्हें टीम की कप्तान भी चुना गया है।
यह मोनिका की पहली ही प्रतियोगिता थी, लेकिन उनका प्रदर्शन इतना शानदार रहा कि चयनकर्ता भी हैरान रह गए। अब मोनिका राजस्थान टीम की कप्तान बनकर राष्ट्रीय स्तर पर उतरेंगी, जहाँ वे राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। मोनिका का यह कारनामा दौसा के लिए गर्व का विषय बन गया है।
चयन शिविर में चमकीं मोनिका
30 अक्टूबर को सीकर के सांवलपुरा में राजस्थान शूटिंग बॉल संघ का टीम चयन शिविर आयोजित किया गया था। इस शिविर में मोनिका ने अपने खेल से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने तेज रफ्तार गेंदें फेंककर और सटीक निशाने लगाकर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
राजस्थान शूटिंग बॉल संघ के संयुक्त सचिव सुनील बैंसला ने बताया कि मोनिका का खेल इतना शानदार और परिपक्व था कि उन्हें जूनियर वर्ग की महिला टीम में तुरंत जगह दे दी गई।
साधारण परिवार से, सपना बड़ा
मोनिका एक बहुत ही साधारण परिवार से आती हैं। उनके पिता सुशील खटाणा पीचूपाड़ा कला में रहते हैं और एक प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनकी मां अंगूरी देवी एक गृहिणी हैं, जो मोनिका की सबसे बड़ी प्रेरणा हैं।
पढ़ाई के मामले में भी मोनिका पीछे नहीं हैं। वे वर्तमान में हरियाणा के एक निजी कॉलेज से बीएसटीसी का पहला वर्ष कर रही हैं। उन्होंने अपनी प्राथमिक शिक्षा दौसा जिले के सिकंदरा स्थित निजी स्कूल से हासिल की, जहाँ से ही उनके मन में खेलों के प्रति जुनून जागा। शूटिंग बॉल में कदम रखते ही पहली कोशिश में राष्ट्रीय चयन मिलना उनकी प्रतिभा को दर्शाता है।
जिला शूटिंग बॉल संघ दौसा की इस उभरती सितारे का चयन होते ही पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। आज ही जयपुर जंक्शन से राजस्थान की पूरी महिला टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए रवाना हो चुकी है।